“हिंदुस्तान” की कोशिश के बावजूद लुट गई लाज
September 27, 2009 by जनतंत्र डेस्क
Filed under पहरेदार

हिंदुस्तान के पहले पन्ने पर छपी तस्वीर
दैनिक जागरण और टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक बार फिर साबित किया है कि वो सर्कुलेशन में नंबर वन ऐसे ही नहीं बन गए हैं। आज आप इन दोनों अख़बारों के दिल्ली संस्करण के पहले पन्ने को देखेंगे तो आपको वहां भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच से जुड़ी एक-एक तस्वीर मिलेगी। टाइम्स ऑफ इंडिया में वो तस्वीर गौतम गंभीर की है, जबकि दैनिक जागरण में राहुल द्रविड़ की। तस्वीर के हेडर में भारत और पाकिस्तान के बीच देर रात तक चले मुकाबले का नतीजा दिया हुआ है। बताया गया है कि भारत यह मैच हार गया है। नीचे कैप्शन में लिखा है कि गंभीर और द्रविड़ की शानदार पारियां किसी काम नहीं आईं और पाकिस्तान ने भारत को 54 रन से हरा दिया।
इस देश में क्रिकेट जुनून है। यही वजह है कि हर अख़बार में खेल के दो-तीन पन्ने होते हैं और उनमें ज़्यादातर क्रिकेट से ही जुड़ी जानकारियां होती हैं। लेकिन कुछ अख़बारों का रवैया क्रिकेट को लेकर बहुत लापरवाह है। इनमें हिंदी में सबसे आगे है हिंदुस्तान। हमने जनतंत्र के पाठकों को बताया था कि कैसे 20-20 विश्व कप के दौरान जिस बेहद अहम मैच में हार से भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया था, उसमें भी अख़बार को पढ़ने से लगता था कि भारत मैच जीत गया है। ठीक उसी तरह आज भी यही लग रहा है कि भारत मैच जीत गया है। पहले पन्ने पर नेहरा और रैना की तस्वीर है और उसका हेडर है दिल्ली के छोरे ने रखी लाज। इस हेडर को देख कर पहली नज़र में यही लगता है कि भारत मैच जीत गया है और दिल्ली के नेहरा की वजह से मैच जीता है। लेकिन दैनिक जागरण पर नज़र डालते ही पता चलता है कि अरे लाज तो लुट गई है। फिर हिंदुस्तान कौन सी लाज को बचाने की बात कर रहा है। Read more
गौतम अधिकारी ने टाइम्स ग्रुप छोड़ा
May 27, 2009 by जनतंत्र डेस्क
Filed under देश-दुनिया
Comments Off
मशहूर पत्रकार और टाइम्स ऑफ इंडिया में एडिट पेज के संपादक गौतम अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गौतम अधिकारी पूरे टाइम्स ग्रुप के एडिटोरियल एडवाइज़र और टाइम्स सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज़ के डीन भी थे।
खबर है कि गौतम अधिकारी का इरादा अब अमेरिका में अपने परिवार के साथ ज़्यादा वक्त बिताने और किताबें लिखने का है। माना जा रहा है कि उनके जाने के बाद डिप्टी एडिटर स्वगतो गांगुली एडिट पेज का काम देखेंगे। अधिकारी का टाइम्स समूह के काफी पुराना नाता रहा है। 1994-97 के दौरान वे इसी अखबार के एक्जीक्यूटिव एडिटर भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे वर्ल्ड बैंक समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में कंसल्टेंट के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
गौतम अधिकारी ने अध्यापन के क्षेत्र में भी काफी महत्वूर्ण जगहों पर काम कर चुके है। वे हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी और जॉर्ज मैसन यूनिवर्सिटी में अध्यापन कर चुके हैं। गौतम अधिकारी मुंबई से निकलने वाले अंग्रेज़ी अखबार डीएनए के संस्थापक एडिटर-इन-चीफ भी रहे हैं। डीएनए में वे 2005 से 2007 तक रहे। अप्रैल 2007 में डीएनए छोड़कर वापस टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में चले आए।




