गुजरात दंगों में मोदी की भूमिका की जांच शुरू
May 27, 2009 by जनतंत्र डेस्क
Filed under देश-दुनिया, बड़ी ख़बर
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने गुजरात दंगों के सिलसिले में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों और अन्य आला अफसरों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। एसआईटी ने इस दौरान मोदी से पूछताछ किए जाने से इनकार नहीं किया है।
एसआईटी के प्रमुख आर के राघवन ने गांधीनगर में पत्रकारों को बताया कि गुजरात के कुछ बड़े राजनेताओं के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर ज़ाकिया जाफरी की अर्जी पर जांच शुरू हो चुकी है।
दंगों के दौरान अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसायटी में मारे गए पूर्व सांसद एहसान जाफरी की पत्नी ज़ाकिया जाफरी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि गुजरात दंगों के दौरान मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 63 लोगों की भूमिका की जांच की जाए।
राघवन ने बताया कि एसआईटी ने दंगों के दौरान गुलबर्ग सोसायटी में हुए कत्लेआम पर शिकायतकर्ता ज़ाकिया जाफरी का पक्ष सुन लिया है। अब आगे की जांच पूरे निष्पक्ष ढंग से की जाएगी। गुजरात दंगों के दौरान गुलबर्ग सोसायटी में एहसान जाफरी समेत तीन दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी गयी थी।
इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ ने दंगे के मुकदमों से जुड़े 96 चश्मदीद गवाहों को केंद्रीय बलों की सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। तीस्ता के मुताबिक एसआईटी चीफ राघवन ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि गवाहों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी।




