श्रीलंका में चैनल-4 की टीम गिरफ़्तार

लेखक: जनतंत्र डेस्क  |  May 10, 2009  |  पहरेदार   |   Comments Off

ltte-bodies-200ब्रिटेन के “चैनल-4” की न्यूज़ टीम को श्रीलंका में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके बाद पूरी टीम को श्रीलंका से बाहर जाने का हुक्म दे दिया गया है। राजपक्षे सरकार ने चैनल-4 पर प्रसारित एक ख़बर के बाद उसकी टीम को ये फरमान सुनाया है। चैनल-4 की ख़बर में तमिल शरणार्थी शिविरों में हो रहे जुल्म का ब्योरा दिया गया था।

चैनल-4 की वेबसाइट पर छपी ख़बर के मुताबिक रिपोर्टर निक पाटॉन, कैमरामैन मैट जैस्पर और प्रोड्यूसर बेसी ड्यू की टीम 19 अप्रैल से श्रीलंका के युद्धक्षेत्र से ख़बरें भेज रही थी।

5 मई को इस टीम ने तमिल शरणार्थी शिविरों की बदहाली और श्रीलंकाई सेना के जुल्म पर रिपोर्ट भेजी। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि युद्ध में मारे गए लोगों के शवों को जहां-तहां छोड़ दिया गया है। इसके अलावा शिविर में मौजूद महिलाओं का शारीरिक शोषण हो रहा है। यही नहीं वहां पर बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया नहीं कराई गई हैं। चैनल के दावा है कि इस रिपोर्ट में कई महिलाओं से बात की गई थी।

इस ख़बर के बाद श्रीलंका सरकार भड़क गई। शनिवार को त्रिन्कोमाली में चैनल-4 की तीन सदस्यीय टीम को गिरफ्तार कर कोलंबो ले जाया गया। जहां श्रीलंकाई रक्षा मंत्री ने उन्हें तुरंत अपने देश लौट जाने का आदेश दे दिया। श्रीलंका की सेना इस वक्त
एलटीटीई से निर्णायक युद्ध लड़ रही है। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक युद्ध क्षेत्र में करीब 50000 नागरिक फंसे हुए हैं। श्रीलंका सरकार का कहना है कि एलटीटीई के लड़ाके इन लोगों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें:

  • Share/Save/Bookmark

और ये कुछ मिलता-जुलता:

Comments are closed.